खबर रफ्तार, सीतापुर : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने 23 अप्रैल 2026 को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। साथ ही इंटरमीडिएट के टॉपर्स की सूची भी जारी की गई, जिसका छात्रों और अभिभावकों को लंबे समय से इंतजार था। इस वर्ष इंटर परीक्षा में करीब 24.50 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर 97.20% अंकों के साथ बरेली की नंदनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रेया वर्मा संयुक्त रूप से रहीं। वहीं तीसरे स्थान पर भी दो छात्राओं ने बराबरी की है, जिनमें बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल शामिल हैं, दोनों ने 97% अंक प्राप्त किए।
UP Board 10th Topper List: कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा बनीं 10वीं की संयुक्त टॉपर
इस वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च को संपन्न हुई थीं। हाईस्कूल में लगभग 26 लाख और इंटरमीडिएट में लगभग 24.50 लाख छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच पूरा किया गया, जिसमें करीब 83,800 परीक्षक और लगभग 1.53 लाख कर्मचारी शामिल रहे।
इस बार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में तकनीकी सुधार भी किए गए। एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी और गोरखपुर समेत छह जिलों में पारंपरिक जांच के साथ-साथ ऑनलाइन पोर्टल पर अंक अपलोड करने की व्यवस्था भी लागू की गई।

+ There are no comments
Add yours