ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Haldwan संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) हल्द्वानी में फायरिंग के मामले में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी को निलंबित कर दिया गया है। परिवहन आयुक्त रविनाथ रमन ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, आरटीओ प्रशासन हल्द्वानी की ओर से भेजी गई आख्या में बताया गया कि महेंद्र सिंह नेगी बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के शस्त्र लेकर कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद करीब 3:40 बजे कार्यालय के कर पंजीयन अनुभाग के बाहर शस्त्र से फायरिंग की गई।
फायरिंग से कार्यालय में मचा हड़कंप
कार्यालय परिसर में फायरिंग की घटना से वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में भय का माहौल बन गया। आदेश में कहा गया है कि इस घटना से राजकीय कार्य भी प्रभावित हुआ और कार्यालय में व्यवधान उत्पन्न हुआ। विभाग ने प्रथम दृष्टया इस कृत्य को उत्तराखंड सरकारी सेवक आचरण नियमावली में निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन माना है। अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को गंभीर बताया गया है।
दोष सिद्ध होने पर हो सकती है बड़ी कार्रवाई
निलंबन आदेश में कहा गया है कि यदि संबंधित अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच में स्थापित होते हैं तो उनके विरुद्ध दीर्घ शास्ति यानी गंभीर दंड की कार्रवाई की जा सकती है।
निलंबन अवधि में महेंद्र सिंह नेगी को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, ऊधम सिंह नगर से अटैच किया गया है। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
