ख़बर रफ़्तार, विकासनगर: एसडीएम विनोद कुमार ने पूरी तहसील क्षेत्र में पटाखों की दुकानों के 284 लाइसेंस जारी किए हैं। अग्निकांड की घटनाएं रोकने को पूरे पछवादून में छह स्थानों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती हो गई है। विकासनगर में पहले तहसील प्रशासन ने तय किया था कि पटाखों की दुकानें बाजार से बाहर दो स्थानों पर लगेंगी लेकिन व्यापारी बाजार में ही पटाखे की दुकानें लगाने के इच्छुक थे।
लिहाजा मामला जब विधायक मुन्ना सिंह के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने एसडीएम, कोतवाल, सीओ की बैठक लेकर पटाखें के दुकानें नगर के मुख्य बाजार में लगाना तय किया। इस बार पटाखे की दुकानें लगाने को व्यापारियों में उत्साह भी दिखाई दिया, जिसके चलते भारी संख्या में व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय में पटाखों की दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन किया। पुलिस व फायर ब्रिगेड की रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने पूरी तहसील क्षेत्र में पटाखों की दुकानों के 284 लाइसेंस जारी कर दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि अब इसके बाद कोई लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे।
छह स्थानों पर फायर ब्रिगेड तैनात
धनतेरस पर पछवादून में छह स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात कर दी गई हैं, जो दीपावाली तक तैनात रहेंगी। अग्निशमन केंद्र डाकपत्थर की हरबर्टपुर, विकासनगर व डाकपत्थर में एक एक गाड़ी तैनात की गई है, वहीं अग्निशमन केंद्र सेलाकुई की तीन गाड़ियां सहसपुर, सेलाकुई व भाऊवाला क्षेत्र में तैनात की गई है। जिससे दीपावली पर अग्निकांड की घटनाओं को रोका जा सके।
