प्रयाग भारत, फरीदाबाद : School Wall शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के पास निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से करीब 12 स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब स्कूल में बच्चे मौजूद थे। कई छात्र दीवार के पास से गुजर रहे थे, तभी निर्माणाधीन मकान की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। अचानक हुए हादसे में बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई बच्चे मलबे में दब गए, जिससे उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ की मदद से सभी घायलों को तुरंत फरीदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चार बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और कई बच्चों के सिर में चोट लगने के कारण टांके लगाए गए हैं।
घटना के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल और स्कूल पहुंच गए तथा प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है।

+ There are no comments
Add yours