मुरादाबाद : लाइनमैन को एंटी करप्शन टीम ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा

खबर रफ़्तार, बिलारी: सहसपुर विद्युत उपखंड में संविदा पर तैनात पेट्रोल मैन (लाइनमैन) को एंटी करप्शन टीम 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी संविदा विद्युत कर्मी और एसडीओ के खिलाफ बिलारी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

क्षेत्र के गांव रुस्तम नगर सहसपुर निवासी अब्दुल मजीद पुत्र अतिकुरहमान ने मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम को शिकायत की थी कि उससे विद्युत उपखंड पंचम सहसपुर में तैनात पेट्रोल मैन उनसे ट्रांसफार्मर रखवाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। उन्होंने बताया कि उनका 5 किलोवाट का कनेक्शन है जिस पर विद्युत विभाग द्वारा ओवरलोड का नोटिस जाराी किया गया था। आरोप लगाया कि इसके बाद वह एसडीओ विद्युत अमरेंद्र यादव के पास गया था तो एसडीओ और जेई द्वारा उनका निजी ट्रांसफार्मर रखवाने की बात कही। जिस पर उन्होंने उसे 50 हजार की रिश्वत की मांग की थी।

लेकिन, 30 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। अब्दुल मजीद ने आरोप लगाया कि इसके बाद एसडीओ और जेई ने वहां पर तैनात संविदा कर्मी पेट्रोल मैन रिफाकत अली को 30 हजार रुपये देने को कहा था। इसके बाद अब्दुल मजीद ने मुरादाबाद में एंटी करप्शन की टीम से इस संबंध में शिकायत की। जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी लाइनमैन रिफाकत अली को 30 हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगेहाथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी रिफाकत अली पुत्र मोहम्मद इलियास निवासी रुस्तम नगर सहसपुर ने बताया कि एसडीओ अमरेंद्र यादव और जेई ने उससे यह रिश्वत के पैसे लेने के लिए कहा था।

वहीं एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक सुखबीर सिंह भदोरिया ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा उन्हें 30 हजार रुपये की रिश्वत के संबंध में शिकायत की गई थी। जिसके बाद शिकायतकर्ता को कलर लगे नोट दिए गए थे। इसके बाद पेट्रोल मैन को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। विधिवत उसके हाथ पानी में डालकर देखे गए जिस पर पानी में लाल रंग के निशान आ गए। विधिक कार्रवाई करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक की ओर से संविदा विद्युत कर्मी और एसडीओ के खिलाफ बिलारी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

You May Also Like

More From Author