ख़बर रफ़्तार, अयोध्या : Ram Mandir चढ़ावा चोरी मामले की जांच में पुलिस को एक और अहम सुराग मिला है। आरोपी अविनाश शुक्ला के कमरे से एक संदूक बरामद किया गया है, जिस पर लाल रंग से ‘राम राज्य कोष’ लिखा हुआ है। इस संदूक पर एक पेटीएम क्यूआर कोड भी लगा मिला है। पुलिस की छापेमारी का वीडियो भी अब सामने आया है। फिलहाल आरोपी अविनाश शुक्ला न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
जांच के दौरान पता चला कि अविनाश शुक्ला अपने भाई अभिषेक के साथ कौशलपुरी क्षेत्र स्थित एक योग सेंटर में रहता था। पुलिस ने वहां छापेमारी के दौरान एक बड़ा बक्सा बरामद किया, जिसमें काले रंग का बैग और ‘राम राज्य कोष’ लिखा एक छोटा संदूक मिला। पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है और उसके संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
योग सेंटर की प्रशिक्षिका सीमा तिवारी ने बताया कि अभिषेक पिछले करीब 10 वर्षों से वहां रह रहा था, जबकि अविनाश को वह करीब डेढ़ साल पहले अपने साथ लेकर आया था। कुछ समय बाद अविनाश को राम मंदिर में नौकरी मिल गई थी। उन्होंने बताया कि 5 जून को पुलिस जांच के लिए सेंटर पहुंची थी, जिसके बाद विवाद से बचने के लिए अविनाश को वहां से जाने के लिए कह दिया गया।
इस मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद जिला कारागार में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला का बयान भी दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हाल ही में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के परिजनों के पास से बैंक पासबुक समेत कुछ दस्तावेज मिले थे, जिनकी पुष्टि और जांच के लिए आरोपी से पूछताछ आवश्यक थी। अब पुलिस बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

+ There are no comments
Add yours