खबर रफ्तार, नई दिल्ली : कोटद्वार में मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े हुए जिम संचालक दीपक कुमार को राहुल गांधी ने सच्चा देशभक्त बताया है। मोहम्मद दीपक के नाम से चर्चित दीपक ने बजरंग दल के प्रदर्शन का विरोध किया था। मामले में तीन एफआईआर दर्ज हैं। विवाद के बाद उनका कारोबार प्रभावित हुआ है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त बताया है। राहुल ने कहा कि दीपक ने नफरत के खिलाफ डटकर कमजोर की रक्षा की और इससे बड़ी देशभक्ति कोई नहीं हो सकती। दीपक उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध किया, जो कथित तौर पर एक मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे थे।
राहुल गांधी ने दीपक कुमार से दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेता वैभव वालिया और अन्य लोग भी मौजूद थे। दीपक की मुलाकात कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी हुई। राहुल ने दीपक की पत्नी से भी बात की और कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह कोटद्वार आकर उनसे मिलेंगे। दीपक ने राहुल से कहा कि उन्हें भगवान के अलावा किसी से डर नहीं लगता।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
इस घटना के बाद राहुल गांधी ने कहा कि संघ परिवार जानबूझकर समाज और अर्थव्यवस्था में जहर घोल रहा है ताकि देश बंटा रहे। उन्होंने दीपक को भारत का नायक बताया और कहा कि वह संविधान और इंसानियत की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस पूरे मामले ने उत्तराखंड में सामाजिक तनाव और राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। अब सभी की नजर इस पर है कि आगे प्रशासन और राजनीतिक दल क्या रुख अपनाते हैं।

+ There are no comments
Add yours