ख़बर रफ़्तार, मसूरी : Mussoorie के बारह कैंची क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घर की रसोई में खाना बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में 32 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया।
25 से 30 प्रतिशत तक झुलसा शरीर
बताया जा रहा है कि महिला कुकर में चावल बना रही थी। इसी दौरान अचानक कुकर फट गया और गर्म पानी व भाप की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गई। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां जमा हो गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में महिला का शरीर करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलस गया है। शुरुआती उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई, लेकिन शाम के समय अचानक तबीयत बिगड़ने लगी।
हालत बिगड़ने पर देहरादून रेफर
महिला की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के जरिए देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया। रेफर किए जाने के दौरान परिजन और स्थानीय लोग भी महिला के साथ मौजूद रहे।
उप जिला चिकित्सालय मसूरी के चिकित्सक डॉ. मयंक जुवाठा ने बताया कि प्रेशर कुकर फटने से महिला गंभीर रूप से झुलसी है और शरीर का करीब 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया है।
चार बच्चों के साथ रहती है महिला
डॉक्टर के अनुसार, महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद कुछ समय ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। हालांकि, शाम को उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे हायर सेंटर भेजने का फैसला लिया गया।
बताया गया है कि महिला मसूरी के बाहर कैंची क्षेत्र की रहने वाली है और अपने चार बच्चों के साथ रहती है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
