ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : प्रदर्शन के बीच CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में उन्होंने अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। दूसरी ओर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं और विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज रहीं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी मांगों पर संसद में गंभीर चर्चा होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए छात्रों को न्याय देने की मांग की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार से अपील की कि छात्रों की बात सुनी जाए और बल प्रयोग से बचा जाए। वहीं समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष परीक्षा और न्याय की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन का असर दिल्ली की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। संसद मार्ग, पटेल चौक, अक्षरधाम हाईवे और बदरपुर बॉर्डर सहित कई इलाकों में लंबा जाम लगा रहा। सुरक्षा के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का रूट डायवर्ट किया और सीमावर्ती इलाकों में भी चेकिंग बढ़ा दी।
फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। संसद परिसर, जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

+ There are no comments
Add yours