खबर रफ्तार, नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को केंद्र सरकार की ओर से जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान किए जाने की खबर सामने आई है। सूत्रों के हवाले से आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, यह सुरक्षा उन्हें खुफिया ब्यूरो (IB) की खतरे की आशंका संबंधी रिपोर्ट के आधार पर दी गई है। इसके तहत दिल्ली और पंजाब में उन्हें अर्धसैनिक बलों द्वारा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि पंजाब सरकार द्वारा राघव चड्ढा को पहले दी गई Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। हालांकि इस दावे को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर संसद में पंजाब से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से न उठाने को लेकर सवाल उठाए थे। पार्टी नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा था कि ग्रामीण विकास निधि, जीएसटी नुकसान और अन्य वित्तीय मुद्दों पर उनकी सक्रियता अपेक्षित स्तर की नहीं रही।
इन आरोपों पर राघव चड्ढा ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके खिलाफ एक “मुहिम” चलाई जा रही है और उन पर लगाए जा रहे आरोप एक जैसे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि संसद में उनकी गतिविधियों को लेकर लगाए गए दावे तथ्यों से परे हैं, जिन्हें कैमरा रिकॉर्डिंग से सत्यापित किया जा सकता है।

+ There are no comments
Add yours