ख़बर रफ़्तार , मसूरी : देहरादून-मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। उत्तरकाशी से देहरादून की ओर आ रही एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ढलान पर पहुंच गई। हालांकि, वाहन नीचे गहरी खाई में गिरने के बजाय एक बड़े पत्थर पर अटक गया। इससे एंबुलेंस में सवार लोगों की जान बच गई। हादसे में चालक और हेल्पर को मामूली चोटें आई हैं।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकराई एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, श्री हरि एंबुलेंस सर्विस की एंबुलेंस संख्या UK 14 TA 0775 उत्तरकाशी से देहरादून जा रही थी। इसी दौरान भट्टा फॉल के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। एंबुलेंस सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए नीचे ढलान की ओर चली गई। गनीमत रही कि वाहन कुछ दूरी नीचे जाने के बाद एक पत्थर पर अटक गया और खाई में गिरने से बच गया।
चालक और हेल्पर को आई हल्की चोटें
हादसे में एंबुलेंस चालक हृदय नंद यादव पुत्र हरि नारायण यादव, निवासी पटेल नगर, देहरादून और हेल्पर नितिन पुत्र साहब सिंह, निवासी रामराज, उत्तर प्रदेश को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से वाहन को सुरक्षित सड़क पर पहुंचाया गया।
ब्रेक नहीं लगने से हुआ हादसा: पुलिस
मसूरी पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोड़ पर ब्रेक नहीं लगने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित हुई। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राहत की बात यह रही कि एंबुलेंस पत्थर पर अटक गई। यदि वाहन वहां नहीं रुकता तो वह गहरी खाई में गिर सकता था और हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।
भट्टा फॉल मार्ग पर बने रहते हैं हादसों के खतरे
देहरादून-मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के आसपास कई तीखे मोड़ और ढलान हैं। ऐसे में यहां वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत रहती है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सावधानी और वाहनों के ब्रेक समेत अन्य तकनीकी जांच की अहमियत को सामने ला दिया है।
