खबर रफ्तार, Mann Ki Baat: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम के 133वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि “मन की बात” के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरक कार्यों, नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़ी उपलब्धियों को सामने लाते हैं, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम ने आम लोगों के प्रयासों को एक राष्ट्रीय मंच दिया है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम लगातार जारी है और करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि मेहनत और लगन से काम करने वाले लोगों को हमेशा सफलता मिलती है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। देश विज्ञान, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत रक्षा उपकरणों का उत्पादन कर उन्हें अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

+ There are no comments
Add yours