ख़बर रफ़्तार, रायपुर : Raipur छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इलाके में दूर-दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस बल भी घटनास्थल पर तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में टायर जलाकर डामर तैयार किया जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सैंपल कलेक्शन के दौरान एक वाल्व ठीक से बंद नहीं था, जिससे गर्म पदार्थ बाहर निकलकर ऑक्सीजन के संपर्क में आ गया और आग भड़क गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रशासन और राहत-बचाव दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल भवन में भी भीषण आग लगी थी, जिस पर करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका था।
