Swargashram में इंटरलॉकिंग कार्य बना जाम का कारण, पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान

खबरे शेयर करे -

खबर रफ्तार, स्वर्गाश्रम: Swargashram नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के वार्ड संख्या चार में भूतनाथ मंदिर गेट से बाघखाला तक चल रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के दोनों ओर रेत, बजरी और टाइल्स का ढेर लगाए जाने से मार्ग अत्यंत संकरा हो गया है, जिससे छोटी सी दूरी पर भी लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

इन दिनों चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। जानकी सेतु से बाघखाला और लक्ष्मणझूला की ओर जाने वाला यह मार्ग यात्रियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। नीलकंठ धाम जाने वाले श्रद्धालु भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।

स्थानीय निवासी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सामग्री को व्यवस्थित ढंग से नहीं रखा गया है, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 50 मीटर की दूरी तय करने में भी लोगों को काफी समय लग रहा है। इससे पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए निर्माण कार्य को इस तरह संचालित किया जाना चाहिए था कि यातायात प्रभावित न हो। उनका सुझाव है कि निर्माण कार्य रात के समय कराया जाए अथवा सामग्री को सड़क के एक किनारे सुरक्षित रखा जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने की मांग की है। साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान दिन के समय निर्माण कार्य रोककर रात में कार्य कराने की भी मांग उठाई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours