राज्यसभा में सांसद ने उठाया हरिद्वार-देहरादून के बीच ट्रेनों के संचालन बंद करने का मामला

खबर रफ्तार, देहरादून : सांसद नरेश बंसल ने राज्यसभा में हरिद्वार-देहरादून के बीच कई ट्रेनों का संचालन बंद करने का मामला उठाया। उन्होंने रेल मंत्री से कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही सहारनपुर से देहरादून के लिए रेल लाइन और देहरादून स्टेशन को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से जोड़ने की मांग की।

बंसल ने उत्तराखंड में रेल विस्तारीकरण से संबंधित सवालों को उठाया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से देहरादून के बीच कई ट्रेनों का संचालन बंद है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दून रेल स्टेशन को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से भी जोड़ा जाना बाकी है। सहारनपुर से देहरादून के बीच सीधा रेल संपर्क नहीं है, जिससे देहरादून के लिए ट्रेनों को वाया हरिद्वार आना पड़ता है।

इससे समय लगने के साथ ही किराया भी बढ़ जाता है। इसके अलावा पर्यटक और धार्मिक स्थल चकराता, मसूरी, उत्तरकाशी को रेल लाइन से जोड़ने की जरूरत है। राज्यसभा सांसद बंसल ने कहा कि आजादी के बाद भी पहाड़ रेल, फोरलेन और ऑलवेदर रोड से वंचित रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहाड़ के लोगों के इस दर्द को समझा है। फोरलेन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, ऑलवेदर रोड को पूरा करने के लिए समय सीमा तय की है। ये परियोजनाएं रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार होंगी।

You May Also Like

More From Author