घर में लगे सोलर इनवर्टर में धमाका, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

खबर रफ़्तार, संग्रामपुर/अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे सोलर इनवर्टर में अचानक धमाका हो गया, जिससे 55 वर्षीय नौरंग बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनुसिया सिंह गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल अमेठी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इनवर्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और वह तेज धमाके के साथ फट गया। घटना की आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही संग्रामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सोलर इनवर्टर फटने की पुष्टि हुई है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक हादसे ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सोलर उपकरणों की सुरक्षा जांच और नियामक निगरानी की मांग की है।

 

You May Also Like

More From Author