भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत​, महिला गंभीर

खबर रफ्तार, कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सोमवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में बाइक पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि उनके परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना बड़वारा थाना क्षेत्र का है।

​जानकारी के मुताबिक, माधवनगर थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी शिव सिंह (55) और उनके पुत्र मनोज सिंह (35), अपनी बहू चंदा बाई के साथ बाइक पर सवार होकर बरही के सुखदास ग्राम से लौट रहे थे। वे वहां चंदा बाई की भाभी के निधन पर आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

बाइक को रौंदते हुए खेत में जा घुसी पिअकप

​रात करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक कटनी-बरही मार्ग, सुड्डी मोड़ के पास पहुंची, कटनी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह उसे रौंदते हुए पास के खेत में जा घुसी। ​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

इंतजार करते रह गए बेटा-बेटी

सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शिव सिंह और मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चंदा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। ​मृतक शिव सिंह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मनोज सिंह की पत्नी और दो बच्चे- बेटी शिखा (14) और बेटा सिब्बू (12) अपने पिता के आने का इंतजार करते रहे।

पिकअप चालक फरार

बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश के लिए टीम लगी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours