देहरादून में हाई लेवल बैठक, गैस और पेट्रोल की उपलब्धता पर जोर

खबर रफ्तार, देहरादून : देहरादून में आगामी चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और शादी-विवाह के बढ़ते दबाव को देखते हुए राज्य सरकार ने ईंधन और गैस आपूर्ति को लेकर अहम बैठक की। यह बैठक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, राज्य स्तरीय समन्वयक और सभी जिलों के पूर्ति अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों को घरेलू गैस की कोई कमी या परेशानी न हो। साथ ही, कमर्शियल गैस सिलेंडरों, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी हर हाल में सुचारु बनी रहनी चाहिए।

चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया है। पर्यटन और शादी-विवाह के सीजन में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए गैस और ईंधन की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा के दौरान जिलों से मिली जानकारी में बताया गया कि इस समय गैस की मांग में मौसमी बढ़ोतरी हो रही है। खासकर शादी-विवाह के चलते कमर्शियल सिलेंडरों की खपत ज्यादा है। कुछ जगहों पर परिवहन और वितरण से जुड़ी समस्याएं भी सामने आई हैं, जिन पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

तेल कंपनियों ने भरोसा दिलाया कि वे सभी एजेंसियों के माध्यम से तय मानकों के अनुसार आपूर्ति बनाए रखेंगे और जिलों से आने वाली समस्याओं का जल्द समाधान करेंगे।

बैठक के अंत में सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी तरह की समस्या पर तुरंत कार्रवाई करें। खास तौर पर चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर गैस और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours