कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने जुड़वां बेटियों की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

खबर रफ्तार, कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना: कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के के-ब्लॉक, किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-टू में रविवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा को हिरासत में ले लिया। पुलिस को दोनों बच्चियों—रिद्धि और सिद्धि—के शव उनके कमरे में बेड पर पड़े मिले।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की है। मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक स्टील का चापड़ बरामद किया गया है। आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

शशि रंजन मिश्रा मूल रूप से बिहार के गया का निवासी है और एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत है। वह अपनी पत्नी रेशमा, दो बेटियों और छह वर्षीय बेटे के साथ पिछले करीब आठ वर्षों से उक्त अपार्टमेंट में किराए पर रह रहा था।

बताया जा रहा है कि रिद्धि और सिद्धि पास के मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा पांच की छात्राएं थीं। घटना के समय बेटियां और आरोपी एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में पत्नी अपने बेटे के साथ थी।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार, आरोपी ने सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, जिसमें मायके जाने को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours