Haridwar छात्रवृत्ति घोटाला: 19 शिक्षण संस्थानों पर FIR, करोड़ों की अनियमितता की जांच के लिए SIT गठित

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। विभागीय जांच में गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद जिले के 19 स्कूलों, कॉलेजों और निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला वर्ष 2021-22 और 2022-23 के दौरान राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से वितरित छात्रवृत्ति से जुड़ा है और इसमें करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने पूरे मामले की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में कई संस्थानों में सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के प्रथम दृष्टया संकेत मिले हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, SIT करेगी गहन जांच

तत्कालीन जिलाधिकारी हरिद्वार ने मामले की जांच के लिए भगवानपुर, लक्सर, हरिद्वार और रुड़की के उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में अलग-अलग जांच समितियां गठित की थीं। इन समितियों ने संबंधित शिक्षण संस्थानों के रिकॉर्ड, छात्रवृत्ति वितरण और दस्तावेजों की जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी।

रिपोर्ट के आधार पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी, जिसके बाद सिडकुल पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब छात्रवृत्ति वितरण से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते, लाभार्थियों का विवरण और संस्थानों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच करेगी।

19 शिक्षण संस्थान जांच के दायरे में, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

एफआईआर जिन संस्थानों के खिलाफ दर्ज की गई है, उनमें गौड ब्लैस पब्लिक स्कूल, एमजी पब्लिक स्कूल, एएसएन इंटर कॉलेज, सैनी प्राइवेट आईटीआई, जय भारती प्राइवेट आईटीआई, एसबीएन प्राइवेट आईटीआई, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, विश्व भारती पब्लिक स्कूल, मदरसा नूर-ए-हसन, जय भारत पीएस, हन्नू आईटीआई, रेडियंस एकेडमी, रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई, संस्कृति पब्लिक स्कूल, फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस, एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज और ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन शामिल हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए सीओ सदर एस.पी. बलूनी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया जाएगा। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours