खबर रफ़्तार, ग्रेटर नोएडा: एक बुजुर्ग महिला गोदावरी टावर में बेसमेंट से ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुई। थोड़ा ऊपर जाते ही लिफ्ट झटका देते हुए दूसरे और तीसरे फ्लोर के बीच में रुक गई। महिला ने लिफ्ट के दरवाजा खुलने का इंतजार किया, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने सुरक्षा अलार्म और लिफ्ट का गेट बजाना शुरू किया। 20 मिनट तक कोई मदद को नहीं आया।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई 2 स्थित आश्रय सोसाइटी में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग महिला लिफ्ट में फंस गई। महिला करीब 20 मिनट तक मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी से कोई मदद नहीं मिली। लिफ्ट में फंसे होने के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई। लोगों का आरोप है कि सोसाइटी में काम कर रहे सुरक्षाकर्मी और कर्मचारियों को लिफ्ट का दरवाजा भी नहीं खोलना आता है। वहीं, लिफ्ट के रखरखाव में भी प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।
