धामपुर का यूट्यूबर इस्राइल में फंसा, खत्म हुआ पैसा-खाना; परिवार ने लगाई मदद की गुहार

खबर रफ्तार, बिजनौर : धामपुर निवासी खैराती स्वीट्स के मालिक राजीव अग्रवाल का इकलौता बेटा सौमिल दो दिन के लिए इस्राइल शूट पर गया था। इसी बीच ईरान के साथ जंग शुरू हो गई। वह तेलअवीव में एक बंकर में छिपा हुआ है।

धामपुर का युवा यूट्यूबर सौमिल अग्रवाल (28) करीब एक महीने से इस्राइल में फंसा हुआ है। 24 फरवरी 2026 को शूटिंग के उद्देश्य से वहां गए सौमिल की वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। उनके पास न खाने के लिए पर्याप्त भोजन है और न ही पहनने के लिए साफ कपड़े। परिवारजनों ने भारत सरकार से सौमिल को सकुशल वतन वापस लाने की गुहार लगाई है।

फोन पर बोला- ईरान ने मचा रखी है तबाही
धामपुर के मोहल्ला बक्कालान निवासी खैराती स्वीट्स के मालिक राजीव अग्रवाल के इकलौते पुत्र सौमिल लोकप्रिय यूट्यूबर हैं। 24 फरवरी 2026 को एक कंपनी के आमंत्रण पर शूटिंग के लिए इस्राइल गए थे। उनका यह दौरा मात्र दो-तीन दिनों का था, लेकिन ईरान के साथ इस्राइल का युद्ध शुरू हो गया। ईरान द्वारा जबरदस्त हमला किया जा रहा है। इस कारण वे वहीं फंस गए हैं। सौमिल ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि इस्राइल के हालात बेहद खराब हैं और ईरान ने भारी तबाही मचाई हुई है। वह फिलहाल तेलअवीव में एक होटल के बंकर में छिपे हुए हैं।
भोजन और वस्त्र की भारी किल्लत
सौमिल ने अपनी मुश्किलों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पास घर से लाया हुआ सारा पैसा खत्म हो चुका है। कंपनी द्वारा खाने-पीने का इंतजाम किया जा रहा है, लेकिन उन्हें शुद्ध शाकाहारी भोजन नहीं मिल पा रहा है, जो उनके लिए एक बड़ी समस्या है। मांसाहारी भोजन से वे परहेज करते हैं, ऐसे में उनके लिए जीना दूभर हो गया है। इसके अलावा, वे केवल एक-दो जोड़ी कपड़े लेकर गए थे, जिनकी धुलाई न होने के कारण वे गंदे हो गए हैं और उन्हें नहाने-धोने में भी भारी असुविधा हो रही है।
ट्रांजिट वीज़ा की समस्या
इस्राइल से यूरोप के रास्ते भारत आना संभव है, लेकिन सौमिल के पास ट्रांजिट वीज़ा नहीं है। इस वजह से वे यूरोप नहीं जा पा रहे हैं और भारत वापसी उनके लिए अत्यंत मुश्किल हो गई है। इस स्थिति ने परिवारजनों की चिंता को और बढ़ा दिया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours