मरीज से दुष्कर्म करने वाला डेंटिस्ट अब भी फरार, पुलिस की ढीली कार्रवाई से लोगों में आक्रोश

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, जालाेर : भीनमाल में मरीज को बेहोश करके दुष्कर्म करने वाले चिकित्सक पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि डॉक्टर ने पीड़िता को ब्लैकमेल करके अश्लील वीडियो बनाया। आरोपी पीड़िता की नाबालिग बेटी को भी अपनी हवस का शिकार बनाना चाहता था। इसके बाद पीड़िता ने सुसाइड नोट लिखकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसी से पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को एकबारगी शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर छोड़ दिया। मूल प्रकरण में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञातव्य है कि भीनमाल में एक महिला ने आरोप लगाया था कि दंत चिकित्सक सुरेश सुन्देशा ने बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाए थे। इसके बाद चिकित्सक ने उसे ब्लैकमेल किया। महिला का आरोप है कि पति के घर नहीं होने पर वह घर आ जाता था। चेकअप के लिए जाने पर उसे अन्य मरीजों के जाने के बाद बुलाता था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उस पर वीडियो कॉल के लिए दबाव बनाते हुए उसके अश्लील वीडियो बनाए।

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में यह भी बताया कि व्हाट्स ऐप पर उसकी नाबालिग बेटी की डीपी देखकर आरोपी डॉक्टर ने बच्ची पर भी गलत नजर डाली थी, जिसका पता चलने पर उसने डॉक्टर को इस संबंध में चेताया था लेकिन आरोपी के धमकाने पर प्रताड़ित महिला ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश है। आरोपी डॉक्टर फिलहाल फरार है।

दुष्कर्म के मामलों में तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने के प्रदेश सरकार के आदेश के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को नहीं पकड़ पाई है। मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी को पाबंद करके छोड़ा था।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours