ख़बर रफ़्तार , रामनगर : देश की राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की सेहत के साथ-साथ उनकी दिनचर्या और पर्यटन की पसंद को भी प्रभावित कर रहा है। दीपावली के बाद प्रदूषण और खराब होती हवा से परेशान लोग राहत की तलाश में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं। नैनीताल के साथ ही रामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ती नजर आ रही है।
दिल्ली और आसपास के महानगरों से बड़ी संख्या में लोग कॉर्बेट पहुंच रहे हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जंगलों का शांत वातावरण और अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
प्रदूषण से राहत पाने कॉर्बेट पहुंचे दिल्ली के पर्यटक
दिल्ली से कॉर्बेट घूमने पहुंचीं पर्यटक भूमि गुप्ता ने बताया कि उन्हें प्रकृति से बेहद लगाव है। दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति काफी खराब है। उन्होंने दीपावली के दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 3000 से अधिक होने की बात कही और बताया कि कॉर्बेट आकर उन्हें स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिल रहा है।
दिल्ली से ही आए कृष गुप्ता ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों के कारण प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने सरकार से वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। उनका कहना है कि दिल्ली में AQI का स्तर 3000 तक देखने के बाद वह अपने फेफड़ों को प्रदूषण से बचाने और साफ हवा में कुछ समय बिताने के लिए कॉर्बेट आए हैं।
महानगरों की तुलना में कॉर्बेट की हवा में ताजगी
पर्यटक संजय मनसुखानी ने बताया कि दिल्ली और पुणे जैसे महानगरों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है, जबकि कॉर्बेट का वातावरण जंगलों के कारण स्वच्छ और खुशनुमा महसूस होता है।
वहीं, दिलीप शाह ने कहा कि यहां की हवा में ताजगी है और सांस लेने में किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हो रही। उन्होंने महानगरों में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।
वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों से भी प्रभावित पर्यटक
पर्यटक स्वीटी सक्सेना शाह ने कहा कि कॉर्बेट में उन्हें स्वच्छ हवा के साथ आसपास के स्पष्ट और खूबसूरत नजारे देखने को मिल रहे हैं। इसके उलट महानगरों में धुएं और प्रदूषण के कारण दृश्यता भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कॉर्बेट में वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही बताया कि जंगल सफारी के दौरान गाइडों से उन्हें वन्यजीवों और उनके संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।
पर्यटक गुंजन ने कहा कि कॉर्बेट में सुबह और शाम का नजारा बेहद खूबसूरत होता है। महानगरों में प्रदूषण के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जंगल के भीतर उन्हें काफी स्वच्छ वातावरण महसूस हुआ।
बच्चों को प्रदूषण से दूर प्रकृति के बीच ला रहे अभिभावक
पर्यटक नितिन ने बताया कि वह दीपावली की छुट्टियों में अपने बच्चों को महानगरों के प्रदूषण से दूर रखने और प्रकृति के बीच समय बिताने के लिए कॉर्बेट लेकर आए हैं। उनके मुताबिक, यहां का वातावरण बच्चों के लिए भी बेहतर और सुकून देने वाला है।
पर्यटकों का कहना है कि कॉर्बेट में उन्हें न केवल प्रदूषण से राहत मिल रही है, बल्कि परिवार के साथ प्रकृति को करीब से देखने और समझने का अवसर भी मिल रहा है।
स्वच्छ आबोहवा से उत्तराखंड के पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि यहां का पर्यावरण और हवा महानगरों की तुलना में अपेक्षाकृत स्वच्छ है। दिल्ली जैसे शहरों में AQI का स्तर खराब होने पर बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों की ओर आते हैं। कॉर्बेट और नैनीताल जैसे क्षेत्र उन्हें प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छ वातावरण का अनुभव कराते हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को सुकून मिलने के साथ प्रदेश के पर्यटन कारोबार को भी फायदा होता है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय कारोबारियों को रोजगार मिलता है और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है।
कुल मिलाकर, महानगरों में बढ़ता वायु प्रदूषण जहां लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, वहीं कॉर्बेट और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थल स्वच्छ आबोहवा और प्राकृतिक सुंदरता की तलाश कर रहे लोगों के पसंदीदा ठिकाने बनते जा रहे हैं।
