Dehradun लूटकांड में फरार आदित्य का वीडियो वायरल, बोला- मुझे थैले में पशुओं के अंग होने की दी गई थी जानकारी

ख़बर रफ़्तार , देहरादून : देहरादून के चर्चित 14 लाख रुपये लूटकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। मामले में फरार चल रहे आरोपी आदित्य ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। वीडियो में उसने लूट की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए कहा कि उसी ने कार से पैसों से भरा थैला निकाला था। हालांकि, उसका दावा है कि उसे बताया गया था कि थैले में संरक्षित पशुओं के अंग हैं। आदित्य ने वीडियो में बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं और पुलिस से अपनी जान को खतरा भी बताया है।

लूटकांड में अपनी भूमिका को लेकर आदित्य का दावा

पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस अब तक बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, खुड़बुड़ा निवासी आदित्य इस मामले में फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

अब सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में आदित्य ने दावा किया है कि सिद्धांत बडोनी ने उसे फोन कर स्कूटर खेलने के बहाने बुलाया था। वहां पहुंचने पर उसे करीब 10 से 12 युवक मौजूद मिले। आदित्य के मुताबिक, सिद्धांत ने सभी को बताया था कि एक गाड़ी में संरक्षित पशुओं के अंग ले जाए जा रहे हैं और उस गाड़ी को रोकना है।

कार से टकराई थी स्कूटी, फिर शुरू हुई मारपीट

आदित्य ने वीडियो में बताया कि घटना वाले दिन सिद्धांत के साथ मौजूद दो युवकों ने कार में अपनी स्कूटी टकराई थी। इसके बाद दीपक, सिद्धांत और कार्तिक ने कार सवार व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आदित्य का दावा है कि इसी दौरान उसे कार में रखा थैला निकालने के लिए कहा गया। उसे पहले बताया गया था कि थैले में संरक्षित पशुओं के अंग हैं। लेकिन जब उसने थैला निकाला तो उसे अंदेशा हुआ कि उसमें पैसे हैं। इसके बाद उसने कथित तौर पर थैले को घटनास्थल से दूर झाड़ियों में फेंक दिया।

सिद्धांत बडोनी समेत तीन लोगों पर लगाए आरोप

आदित्य ने अपने वीडियो में सिद्धांत बडोनी पर पूरी वारदात की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसने सिद्धांत के साथ कार्तिक भाटिया और दीपक शेखावत को भी लूटकांड में शामिल बताया है।

आदित्य का कहना है कि थैला निकालने के बाद सिद्धांत बडोनी ने उस पर साथ देने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी दावा किया कि घटना के बाद से बजरंग दल और पुलिस उसके पीछे पड़े हैं तथा उसे अपनी जान का खतरा है।

पुलिस बोली- जरूरत पड़ने पर वीडियो की होगी जांच

इस मामले में एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि लूटकांड में आदित्य वांछित चल रहा है और उसकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सोशल मीडिया पर जारी वीडियो को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

एसपी देहात ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस प्रकरण से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस कार्यालय आकर अपनी बात रख सकता है। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से और निष्पक्षता के साथ जांच करेगी।

फिलहाल आदित्य के वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़े इन दावों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

You May Also Like

More From Author