ख़बर रफ़्तार, खटीमा : khatima उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा के झनकईया में अलग ही अंदाज में नजर आए। सुबह के समय मुख्यमंत्री अचानक शंकर राय की चाय की टपरी पर पहुंच गए। यहां उन्होंने न सिर्फ चाय की चुस्कियों का आनंद लिया, बल्कि खुद अपने हाथों से चाय बनाकर स्थानीय लोगों को भी पिलाई।
मुख्यमंत्री ने खुद बनाई चाय
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर चाय की टपरी पर मौजूद लोग उत्साहित हो गए। इस दौरान सीएम धामी ने खुद चाय तैयार की और वहां मौजूद लोगों को गर्मागर्म चाय परोसी। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। टपरी पर मौजूद लोगों ने भी उनके साथ बातचीत की और इस पल का आनंद लिया।
चाय पर लोगों से जाना हालचाल
चाय पीने के दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानदारों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के साथ अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लोगों से फीडबैक भी प्राप्त किया।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति और सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का चाय की छोटी सी टपरी पर पहुंचकर खुद चाय बनाना और लोगों के साथ समय बिताना उनके इस दौरे का खास आकर्षण रहा।
