ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Ganesh Godiyal जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्थानीय विधायक हरीश धामी के बीच हुए घटनाक्रम को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले में मुख्यमंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने विधायक हरीश धामी की नाराजगी को जायज बताया।
विधायक को बोलने का मौका नहीं देने पर सवाल
गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि जौलजीबी मेले के समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का मौका दिए बिना ही कार्यक्रम से चले गए। उन्होंने कहा कि जिस विधायक को समारोह की अध्यक्षता की जिम्मेदारी दी गई थी, उनकी बात सुने बिना मुख्यमंत्री का वहां से चले जाना उचित नहीं था। गोदियाल के मुताबिक, इस घटनाक्रम से विधायक का नाराज होना स्वाभाविक है।
सीएम के आचरण को बताया अलोकतांत्रिक
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति उनकी सोच जाहिर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विपक्ष को उचित स्थान नहीं देना चाहते। गोदियाल ने कहा कि यह मामला केवल स्थानीय विधायक की अनदेखी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र की जनता की भावनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
अध्यक्षीय भाषण के बाद जाना चाहिए था सीएम
गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री को बड़ा दिल दिखाते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक हरीश धामी को पहले अपना अध्यक्षीय भाषण देने का अवसर देना चाहिए था। उनके अनुसार, विधायक के संबोधन के बाद ही मुख्यमंत्री को कार्यक्रम से रवाना होना चाहिए था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जुड़ा मुद्दा बताया।
