बाबा केदार के दर्शन शुरू, हजारों श्रद्धालुओं ने किया पावन क्षण का साक्षात्कार

खबर रफ्तार, बाबा केदार : केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। शुभ मुहूर्त में आज सुबह 8 बजे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों भक्त पहले से ही धाम में मौजूद थे।

धाम को इस बार करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने पूरे परिसर को दिव्य और मनमोहक बना दिया। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने “जय बाबा केदार” के उद्घोष के साथ अपनी भक्ति प्रकट की।

इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर कठिन पैदल मार्ग तय करते हुए केदारनाथ पहुंची। जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप जैसे पड़ावों से गुजरते हुए डोली ने केदारपुरी में प्रवेश किया, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर में डोली की परिक्रमा के बाद विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस दौरान सैन्य बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसमें पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए पांच संकल्प अपनाने की अपील की—स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन करना।

इस अवसर पर मंदिर समिति और प्रशासन के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जो इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बने।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours