ख़बर रफ़्तार, भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड में दलित की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 5 बदमाशों ने युवक को मौत के घाट उतार दिया। इसके विरोध में मृतक के परिजनों ने बदमाशों के घर में तोड़फोड़ कर कार को आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद इलाका छावनी में तब्दील हो गया है।
दरअसल, पूरा मामला दबोह थाना क्षेत्र का है। जहां लहार के रिनियापुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। करीब आधा दर्जन लोगों ने दलित युवक को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। वहीं एक वृद्ध को भी पीट-पीटकर घायल कर दिया।
इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने बदमाशों के घर पर हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ कर बाहर खड़ी कार को आग हवाले कर दिया। तनावपूर्ण माहौल देखते हुए एसपी असित यादव और एएसपी संजीव पाठक देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
