ख़बर रफ़्तार, देहरादून : CM Pushkar राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रोजगार, पेपर लीक, अग्निवीर योजना और राज्य के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी सरकार का पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और जोश उन्हें लगातार बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से विकास के नए दौर में आगे बढ़ा है और उत्तराखंड भी उसी दिशा में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता और सुशासन बेहद आवश्यक हैं तथा उत्तराखंड की जनता ने बार-बार स्थिर सरकार चुनकर इसका उदाहरण पेश किया है।
पेपर लीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, लेकिन उन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ सख्त कानून बनाकर कड़ी कार्रवाई की है। उनके अनुसार अब प्रदेश में युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में अग्निवीरों के लिए एक विशेष सेल (स्पेशल सेल) स्थापित किया जाएगा, जो उनकी सेवाओं के बाद रोजगार और अन्य अवसरों में सहायता करेगा। साथ ही उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पहले ही विभिन्न विभागों में अग्निवीरों को प्राथमिकता देने का निर्णय ले चुकी है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं सैन्य परिवार से आते हैं, इसलिए सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है और आगे भी शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, खेल तथा नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है और सरकार उन्हें राज्य के विकास की सबसे बड़ी शक्ति मानकर निरंतर कार्य करती रहेगी।

+ There are no comments
Add yours