Chaubattakhal में कांग्रेस को बड़ा झटका, 38 से अधिक नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल अपने संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को पार्टी से जोड़ने में जुटे हैं। इसी बीच बीजेपी ने पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। यहां कांग्रेस से जुड़े 38 से अधिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

सोमवार को देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल कराया। इस दौरान चौबट्टाखाल विधायक और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे। बीजेपी ने इस घटनाक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया है।

युवा कांग्रेस और NSUI से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने छोड़ी कांग्रेस

बीजेपी में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य रितिक नेगी और कुलदीप सजवाण के नाम प्रमुख हैं। रितिक नेगी युवा कांग्रेस बीरोंखाल के महामंत्री हैं, जबकि कुलदीप सजवाण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष और युवा कांग्रेस सचिव शुभम रावत, कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार ने भी बीजेपी की सदस्यता ली।

इनके साथ द्वारीखाल, सतपुली, बीरोंखाल, एकेश्वर और पोखड़ा क्षेत्र से जुड़े पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाजपा का दामन थामा।

हर विधानसभा में जॉइनिंग अभियान चलाएगी बीजेपी: महेंद्र भट्ट

सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर लोग लगातार बीजेपी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल क्षेत्र के कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, छात्रसंघ पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का भाजपा में शामिल होना पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि सदस्यता अभियान से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ा है। बीजेपी का यह अभियान केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में बड़े स्तर पर सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।

सतपुली झील से पर्यटन को मिला बढ़ावा: सतपाल महाराज

वहीं, कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बीजेपी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 38 से अधिक लोगों के पार्टी से जुड़ने से क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। नए सदस्य क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा में अपनी भूमिका निभाएंगे।

सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और आने वाले समय में भी विकास की रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने सतपुली झील के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।

रेलवे और सड़क कनेक्टिविटी को लेकर भी गिनाईं उपलब्धियां

कैबिनेट मंत्री ने सीसी झील के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में रेलवे कनेक्टिविटी, सड़क और पेयजल योजनाओं को लेकर सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया।

सतपाल महाराज ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन की तस्वीर बदलने वाली है। देवप्रयाग तक रेल पहुंचने और आगे कर्णप्रयाग तक परियोजना के विस्तार से स्थानीय लोगों के साथ-साथ तीर्थयात्रियों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

फिलहाल विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चौबट्टाखाल में कांग्रेस के 38 से अधिक लोगों का बीजेपी में शामिल होना क्षेत्र की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस दलबदल का आगामी चुनाव में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की रणनीति और समीकरणों पर कितना असर पड़ता है।

You May Also Like

More From Author