खबर रफ्तार, चारधाम यात्रा 2026: आज बदरीनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए शुभ मुहूर्त में खोल दिए गए। इससे पहले गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम और केदारनाथ धाम के कपाट पहले ही खुल चुके हैं।
गुरुवार सुबह करीब 6:15 बजे वैदिक विधि-विधान और शुभ योग में मंदिर के द्वार खोले गए। इस पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और उन्होंने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इससे एक दिन पहले ही उद्धव जी, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी धाम पहुंच चुकी थी, जबकि भगवान कुबेर की डोली बामणी गांव में रात्रि विश्राम के लिए ठहरी थी।
मंदिर को विशेष रूप से 25 कुंतल फूलों—खासकर ऑर्किड और गेंदे—से भव्य रूप में सजाया गया, जिससे पूरा परिसर आकर्षक और आध्यात्मिक आभा से भर गया। कपाट खुलने से पहले ही यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अब तक सैकड़ों वाहन बदरीनाथ पहुंच चुके हैं और लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है।
कपाट खुलने से पहले सुबह 4 बजे से ही पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। भगवान कुबेर का दक्षिण द्वार से प्रवेश, मंदिर कर्मचारियों की तैनाती, रावल और धर्माधिकारियों द्वारा द्वार पूजन जैसी सभी परंपराएं विधिवत निभाई गईं। इसके बाद गर्भगृह में पूजा-अर्चना का क्रम भी प्रारंभ हो गया।

+ There are no comments
Add yours