Chamoli:अलकनंदा के तेज बहाव में फंसे 15 वर्षीय किशोर को बचाया, दुर्गम पहाड़ियों के बीच चला रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन

खबरे शेयर करे -

खबर रफ्तार, चमोली: Chamoli जिले के जोशीमठ क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर के लिए अलकनंदा नदी का किनारा जानलेवा साबित हो सकता था, लेकिन समय रहते चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान ने उसकी जान बचा ली। विष्णुप्रयाग के पास चुनार गांव क्षेत्र में नदी के तेज बहाव और दुर्गम चट्टानों के बीच फंसे किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार तपोवन क्षेत्र के सुखी भल्ला गांव निवासी आदर्श (15) किसी कारणवश अलकनंदा नदी के किनारे एक अत्यंत खतरनाक स्थान पर पहुंच गया था। आसपास खड़ी ढलान, बड़े पत्थर और नदी का तेज बहाव होने के कारण वह वहां से बाहर नहीं निकल पा रहा था। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस aको सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था। जवानों को कंटीली झाड़ियों, ऊबड़-खाबड़ रास्तों, बड़े पत्थरों और खड़ी चढ़ाई वाले दुर्गम इलाके से होकर गुजरना पड़ा।

मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फायर सर्विस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया। अलकनंदा नदी के तेज बहाव और सीमित जगह के बीच जवानों ने रस्सियों की मदद से सुरक्षित पहुंच बनाई और किशोर तक लाइफ जैकेट व अन्य सुरक्षा उपकरण पहुंचाए।

बेहद सावधानी और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए बचावकर्मियों ने किशोर को सुरक्षित तरीके से नदी किनारे से बाहर निकाला। सफल रेस्क्यू के बाद उसकी स्वास्थ्य जांच कराई गई, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया।

आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की और संयुक्त रेस्क्यू टीम के साहस, तत्परता और समन्वय की प्रशंसा की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours