ख़बर रफ़्तार, जशपुर : जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इनमें से चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने घटना की पुष्टि की है।
घटना के बाद गोड़अंबा गांव के निवासी दिगंबर यादव ने तुरंत मदद के लिए पहल की। उनके साथ सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव ने मिलकर प्रशासन को सूचना दी। जेसीबी की मदद से बस को हटाकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कुनकुरी डॉ. श्रीमती के. कुजूर ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-पुत्र शामिल हैं।
- महेश राम (45) पिता रथु राम, ग्राम मकरीबंधा, तहसील दुलदुला
- बिमला (42) पति महेश राम, ग्राम मकरीबंधा, तहसील दुलदुला (पति-पत्नी)
- संपति देवी (52) पति केशवर राम, जिला सिमडेगा, झारखंड
- दिगेश्वर (40) पिता दिलभजन, ग्राम ढोढी, तहसील कुरडेग, जिला सिमडेगा, झारखंड
- घनश्याम (5 माह) पिता दिगेश्वर, ग्राम ढोढी, जिला सिमडेगा (पिता-पुत्र)
घायलों का चल रहा इलाज
घायलों का इलाज कुनकुरी, जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में किया जा रहा है। 13 घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार जारी है।
कौशल्या देवी साय पहुंचीं अस्पताल
हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज व सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

+ There are no comments
Add yours