खबर रफ्तार, बरेली : बरेली के इज्जतनगर इलाके में अपनी सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बरेली में अपनी सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सुबह करीब छह बजे इज्जतनगर इलाके में पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। इस पर आरोपी अफसर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
अफसर ने 16 साल की उम्र में वर्ष 2004 में मामी के साथ मिलकर मामा जाकिर खां की हत्या कर दी थी। तब अफसर पर मामी के साथ प्रेम संबंध का भी आरोप लगा था। इसी के विरोध के चलते उसने मामा की हत्या की थी। ससुर नन्हें खां ने बताया कि अफसर ने चाकू से अपने मामा का गला रेता था। घटना के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था और उन्हें जेल भेजा गया था। वर्ष 2015 में वह हाईकोर्ट से जमानत लेकर बाहर आया था।
