ख़बर रफ़्तार, मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट आया है। आरोपी अनुज थापन को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बता दें कि अनुज को पुलिस ने गोलीबारी करने वाले आरोपियों को हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने पिछले महीने कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने दोनों को मामले में मोस्ट वांटेड संदिग्ध घोषित कर दिया। उल्लेखनीय है कि नवंबर 2022 से, लॉरेंस बिश्नोई और एक अन्य गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की धमकियों के कारण सलमान खान की सुरक्षा का स्तर वाई-प्लस तक बढ़ा दिया गया है।
