देहरादून में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में उतरे AAP कार्यकर्ता, कहा द्वेष की भावना से हो रही राजनीति

ख़बर रफ़्तार, देहरादून: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज आप कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया. इसी बीच पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है.

प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि आज दिल्ली के सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप कार्यकर्ता पूरे देश में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रहे हैं. बीते 2 साल से कथित शराब मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल को आरोपी नहीं बनाया गया, लेकिन भाजपा को यह लगा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली है.

तब केंद्र सरकार ने सीबीआई को आगे कर दिया. उन्होंने कहा कि न्यायपालिका ने केजरीवाल को निर्दोष घोषित कर दिया है, जिससे भाजपा की हताशा और निराशा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है. भाजपा को पूरे देश में किसी से डर लगता है, तो इसकी वजह सिर्फ अरविंद केजरीवाल हैं.

विशाल चौधरी ने कहा कि भाजपा को इस बात का भय सता रहा है कि अगर अरविंद केजरीवाल जेल से छूट जाते हैं, तो फिर आने वाले समय में होने जा रहे हरियाणा और दिल्ली के विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी पहले की तरह पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी, इसलिए आज का विरोध प्रदर्शन इस बात का संदेश देने के लिए भी है कि भाजपा की भभकियों से अरविंद केजरीवाल पीछे नहीं हटने वाले हैं.
उन्होंने कहा कि केजरीवाल को भले ही जेल में रखें, चुनाव से दूर रखें, लेकिन केजरीवाल और मजबूती के साथ उभर कर जनता के बीच आएंगे, क्योंकि उत्तराखंड ही नहीं पूरे देश की जनता आज आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है.

You May Also Like

More From Author