Dehradun में ड्रग फ्री वॉकथॉन, सीएम धामी ने दिलाई नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी में आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम का आयोजन ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वॉकथॉन में शामिल प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ भी दिलाई।

नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की पहल है। इसका उद्देश्य स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करती है।

सीएम धामी ने युवाओं से अपील की कि वे खेलकूद, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। साथ ही अच्छी संगति अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा नशामुक्ति अभियान में केवल भागीदार बनकर न रहें, बल्कि नेतृत्व करते हुए अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

जागरूकता के साथ उपचार और पुनर्वास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से सफल नहीं हो सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही जागरूकता अभियान, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। सीएम ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प हर व्यक्ति के आचार, विचार और व्यवहार में दिखाई देना चाहिए।

सामूहिक प्रयासों से बनेगा नशामुक्त उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।

You May Also Like

More From Author