Uttrakhand पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 3,922 पदों पर 12 अक्टूबर को मतदान; 14 को आएंगे नतीजे

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Uttrakhand में पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक प्रदेश में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3,922 पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। इन पदों के लिए 12 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

3,922 पदों पर होगा उपचुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार उपचुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के 3,890 पद, ग्राम प्रधान के 23 पद और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं। इन पदों के लंबे समय से रिक्त रहने के कारण अब चुनाव प्रक्रिया के जरिए इन्हें भरा जाएगा।

30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नामांकन

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 4 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख होगी। 5 अक्टूबर को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और 14 अक्टूबर को मतगणना एवं परिणाम की घोषणा होगी।

हरिद्वार को छोड़कर 12 जिलों में प्रक्रिया

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। हरिद्वार जिले को छोड़कर राज्य के 12 जिलों में वर्ष 2025 में पंचायत चुनाव कराए गए थे। इसके बाद अलग-अलग कारणों से ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कई पद खाली रह गए थे।

अब इन्हीं रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ जिला स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

मतदान केंद्रों और सुरक्षा की तैयारी

उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों की व्यवस्था, निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियां की जाएंगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours