Haridwar के हैप्पी हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, घायल बदमाश की इलाज के दौरान मौत; साथी फरार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar के बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह गांव में हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ मध्य रात्रि दौलतपुर के घने जंगल में हुई। बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

14 सितंबर को हुई थी हैप्पी की हत्या

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ 14 सितंबर को शांतरशाह गांव में हुई 26 वर्षीय बाइक मिस्त्री हैप्पी की हत्या के मामले में हुई। हैप्पी गांव के बाजार में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था।

बताया गया था कि सोमवार शाम करीब सवा सात बजे हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश कॉलोनी की ओर से उसकी दुकान पर पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग कर दी।

फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हैप्पी को करीब दो गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर दुकान के पास गिर गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी जंगल की ओर भाग निकले।

अस्पताल ले जाते समय हुई थी हैप्पी की मौत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल हैप्पी को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था।

दौलतपुर के जंगल में घेराबंदी के दौरान मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, मध्य रात्रि में बदमाशों के दौलतपुर के जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल की घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन

मुठभेड़ के दौरान दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग गया। पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के इलाके में सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस हैप्पी हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के साथ फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours