Haridwar में बाइक मैकेनिक हत्याकांड का CCTV वायरल, हथियार लहराते भागे दो बदमाश

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में वारदात से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है। मंगलवार को वायरल हुए इस फुटेज में दो संदिग्ध युवक हथियार लेकर तेजी से पैदल भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर आरोपियों के भागने के रास्ते और उनके साथ मौजूद तीसरे साथी की तलाश में जुटी है।

हथियार लेकर भागते दिखे दो युवक

वायरल CCTV में चेहरे ढके हुए दो युवक एक दुकान के पास से तेजी से निकलते नजर आ रहे हैं। दोनों के हाथ में हथियार दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवक के कंधे पर पिट्ठू बैग भी नजर आ रहा है। फुटेज में दोनों युवक अंधेरे और खाली पड़े प्लॉट की ओर बढ़ते दिखाई देते हैं।

इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग भी उनका पीछा करते नजर आते हैं। हालांकि हथियारों के चलते लोग बदमाशों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने लोगों को डराने के लिए हवाई फायर भी किए थे।

बाइक लेकर पहले से इंतजार कर रहा था तीसरा साथी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पैदल एक तय स्थान तक पहुंचे। यहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर पहले से मौजूद था। दोनों के पहुंचने के बाद तीनों बाइक से जंगल की ओर निकल गए।

अब पुलिस CCTV फुटेज के जरिए उस रास्ते की पड़ताल कर रही है, जिससे आरोपी मौके से फरार हुए। आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों की पहचान के साथ-साथ उनके आने और फरार होने का पूरा रूट भी सामने आ सके।

दुकान में घुसकर की गई थी फायरिंग

शान्तरशाह गांव निवासी हैप्पी बहादराबाद-शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था। सोमवार शाम दो बदमाश पैदल उसकी दुकान के पास पहुंचे और अंदर घुसकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश जंगल की तरफ निकल गए।

जिलेभर में पुलिस ने बढ़ाई चेकिंग

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बॉर्डर इलाकों के साथ प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। सीआईयू भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

SSP ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत करने के साथ पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की जानकारी ली।

एसएसपी के मुताबिक पुलिस को हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल इनका खुलासा नहीं किया जा सकता। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours