ख़बर रफ़्तार, नैनीताल : Kaichi Dham नैनीताल जिले के कैंची क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में धुत पर्यटकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि लखनऊ से आए पांच युवकों ने पहले दो होमस्टे संचालकों के साथ मारपीट की और बाद में पुलिस से बचने की कोशिश में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो (UP 32 RK 0095) से कैंची पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर उनका एक होमस्टे संचालक से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसके बाद आरोपियों का एक अन्य होमस्टे संचालक से भी विवाद हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कैंची पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और भवाली पुलिस को नाकेबंदी के लिए सतर्क कर दिया।
भवाली में पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी घबरा गए और वाहन को वापस कैंची बाजार की ओर मोड़ दिया। पुलिस से बचने की कोशिश में उन्होंने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से बाजार में खड़े और चल रहे तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक अल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त होकर रुक गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चारों ओर से घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। यदि मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

+ There are no comments
Add yours