ख़बर रफ़्तार, पुणे : Mumbai महाराष्ट्र में भारी बारिश का दौर जारी रहा। मुंबई, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई और वसई-विरार समेत कई इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के दौरान एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी और एम्बुलेंस सेवा की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
वहीं, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के खंडाला एग्जिट के पास मिसिंग लिंक सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटा है।
लगातार बारिश और IMD के रेड अलर्ट को देखते हुए पुणे जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसी तरह मुंबई में बीएमसी ने सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों एवं कॉलेजों को बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
ठाणे जिला प्रशासन ने भी आंगनवाड़ी, बालवाड़ी, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में छुट्टी की घोषणा की है। वहीं, नवी मुंबई नगर निगम ने भी छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें और नदियों, झरनों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। साथ ही मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

+ There are no comments
Add yours