ख़बर रफ़्तार, नैनीताल : नैनीताल जिले के भवाली में व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हंगामा भी देखने को मिला।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती ने नरेश पांडे पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पीड़िता के बयान जिला न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत दर्ज कराए गए। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के घर पहुंचते ही नरेश पांडे ने फेसबुक पर लाइव आकर लोगों से मदद की अपील की। लाइव वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची है और उनके परिवार के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़िता के बयान उनके पक्ष में हैं। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कार्रवाई के दौरान नरेश पांडे ने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें तत्काल बीडी पांडे चिकित्सालय, नैनीताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इससे पहले भी नैनीताल पुलिस नरेश पांडे से लगभग 24 घंटे तक पूछताछ कर चुकी थी। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय का रुख किया था, लेकिन राहत नहीं मिली। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां याचिका अभी विचाराधीन बताई जा रही है।
नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नरेश पांडे इस मामले में नामजद और वांछित आरोपी हैं। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours