ख़बर रफ़्तार, देहरादून : CM Dhami उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री पद पर लगातार पांच वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। इस मौके को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी दोनों विशेष कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे हैं। भाजपा प्रदेशभर में सप्ताहभर विभिन्न आयोजनों के जरिए इस उपलब्धि का जश्न मनाने की योजना बना रही है।
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त (एनडी) तिवारी पहले ऐसे मुख्यमंत्री थे जिन्होंने अपना पूरा पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले हैं और जल्द ही सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच जाएंगे।
पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से वह लगातार राज्य की कमान संभाल रहे हैं। वहीं, एनडी तिवारी ने 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 तक कुल 1831 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। मौजूदा समय में सीएम धामी इस रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा जल्द ही तैयार कर सार्वजनिक की जाएगी।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा की तैयारियों पर निशाना साधा है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा को केवल जश्न मनाने के बजाय अपने शासनकाल की उपलब्धियों और विभिन्न मुद्दों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने भूमि, कानून-व्यवस्था, पेपर लीक, खनन, शराब नीति और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री धामी के पांच साल पूरे होने को लेकर जहां भाजपा इसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है, वहीं कांग्रेस इस अवसर पर सरकार के कामकाज को लेकर जनता के बीच सवाल उठाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

+ There are no comments
Add yours