Uttarakhand के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से दबोचा गया युवक

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Uttarakhand के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से धमकी भरी पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी से जुड़ी पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट के बाद आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर 28 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। इसी के चलते उसने लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। देहरादून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि धमकी, अफवाह या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours