ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : NEET UG राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले NEET UG री-एग्जाम को लेकर अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन निर्धारित ड्रेस कोड और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
NTA के मुताबिक, उम्मीदवार परीक्षा केंद्र में पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। साथ ही, एडमिट कार्ड को बारिश या अन्य कारणों से सुरक्षित रखने के लिए उसे पारदर्शी प्लास्टिक कवर में रखने की भी अनुमति दी गई है।
एजेंसी ने धार्मिक मान्यताओं से जुड़े परिधानों और प्रतीकों जैसे पगड़ी, हिजाब या अन्य धार्मिक वस्त्र पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को भी अनुमति दी है। हालांकि, ऐसे उम्मीदवारों को सुरक्षा जांच की अतिरिक्त प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
NTA ने छात्रों को हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर फुल स्लीव या ऊनी कपड़े पहनने की छूट रहेगी, लेकिन ऐसे मामलों में अतिरिक्त जांच की जा सकती है। वहीं, परीक्षा के लिए चप्पल या कम ऊंचाई वाले फुटवियर को उपयुक्त बताया गया है, जबकि भारी जूते या हाई-हील पहनने वालों की विशेष जांच हो सकती है।
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा धातु से बनी वस्तुएं, बड़े बेल्ट बकल, भारी आभूषण और अनावश्यक एक्सेसरीज भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों से रिपोर्टिंग समय का विशेष ध्यान रखने और समय से पहले केंद्र पहुंचने का अनुरोध किया है, ताकि सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्रेस कोड और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन न करने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी NTA हेल्पलाइन नंबर 011-69227700 और 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक ईमेल के माध्यम से अपनी समस्या भेज सकते हैं।

+ There are no comments
Add yours