ख़बर रफ़्तार,रुद्रपुर: खटीमा में लोगों से ठगी करने वाला एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। प्रेस वार्ता में एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सुरेश चंद्र निवासी खेतलसंडा, खटीमा ने तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि सरकारी नौकरी व संविदा पर घर के 10 लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर 36 लाख 50 हज़ार रुपये अजय साहनी उर्फ इंद्रजीत साहनी को होटल गौतमी हाइट, काशीपुर में दिए गए थे।
उसके बाद आरोपी ने पैसों के बदले 10 लोगों को विभिन्न विभागों के फर्जी नियुक्ति पत्र दिए, जब ये लोग नौकरी करने विभिन्न विभागों में गए तो ,उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता लगा कि नियुक्ति पत्र फर्जी हैं। इसके बाद पीड़ितों द्वारा अजय सैनी उर्फ इंद्रजीत साहनी से अपने पैसे वापस करने को कहा तो पैसे देने के नाम पर आरोपी फरार हो गया।
पीड़ितो द्वारा एफआईआर के बाद पुलिस ने ठगी करने वाले आरोपी को खटीमा से धर दबोचा। उसके पास से कई फर्जी नियुक्त प्रमाण पत्र और शैक्षिक प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी के साथ ही एक इनोवा कार मिली, जिसमे उत्तराखंड सरकार का बोर्ड और हूटर लगा हुआ था। पकड़े गए आरोपी पर पहले से दो मुकदमे खटीमा थाने में दर्ज हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पकड़े गए आरोपी पर गैंगस्टर लगाकर संपत्ति जब्त करने की बात कही है।
