ख़बर रफ़्तार, दिल्ली : Deepak Singla ED Raid प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला और उनके सहयोगियों से जुड़े कई ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कथित बैंक लोन फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली और गोवा समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान ईडी ने बैंक खातों, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। दीपक सिंगला को आम आदमी पार्टी का सक्रिय नेता माना जाता है और वह विश्वास नगर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी बैंक ऋण में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े पैसों के इस्तेमाल की जांच कर रही है। इससे पहले साल 2024 में भी ईडी ने सिंगला के ठिकानों पर छापेमारी की थी। हालांकि मौजूदा कार्रवाई पर अभी तक दीपक सिंगला की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इसी बीच ईडी ने एक अन्य निवेश धोखाधड़ी मामले में भी कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की गई। इस मामले में राम सिंह नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। एजेंसी का दावा है कि निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये जुटाए गए और करीब 180 करोड़ रुपये की कथित ठगी को अंजाम दिया गया।
ईडी अब दोनों मामलों में डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में कई और लोगों से पूछताछ हो सकती है और जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है।
वहीं भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के मामलों में कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों पर कार्रवाई होना तय है।

+ There are no comments
Add yours