Dehradun Scorpio के सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ कैश बरामद, आयकर विभाग जांच में जुटा

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun Scorpio वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। खास बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम वाहन में बनाए गए सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर आयकर विभाग की टीम को बुलाया गया, जिसने नकदी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर-कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा गुजरात बताया, जबकि उसके साथ बैठे दो अन्य व्यक्तियों ने खुद को पाटन और विसनगर गुजरात का निवासी बताया।

पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की बात सामने आई। चालक ने बताया कि गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच बने एक सीक्रेट केबिन में कैश रखा गया है।

सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई तो सीक्रेट केबिन से करीब 1.55 करोड़ रुपये बरामद हुए। हालांकि वाहन सवार व्यक्ति इतनी बड़ी रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।

प्राथमिक पूछताछ में चालक ने बताया कि यह रकम बनारस से लाई गई थी और उसे वाहन में मौजूद जसवंत नामक व्यक्ति को सौंपना था। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और नकदी के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बरामद रकम के संबंध में आयकर विभाग अग्रिम कार्रवाई करेगा। वहीं पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर दिया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours